Thursday, June 28, 2012

ललकार लिखूं जयकार लिखूं

ललकार लिखूं जयकार लिखूं या जनता का हाहाकार लिखूं 
बेबस आज कलम मेरी है इससे क्या अब कुछ खास लिखूं 

पेट्रोल बढ़ा डीजल भी बढेगा गर्मी में पारा और चढ़ेगा 
घासलेट की बात न करना डंडा सर पर जोर पड़ेगा 
गरीब हटाओ गरीबी हटेगी तभी तो अपनी साख जमेगी 
इस महगाई में कब तक मुनिया बच्चों का यूं पेट भरेगी 

कब होगी मौत भूख से उसकी उस पर कोई विचार लिखूं 
ललकार लिखूं जयकार लिखूं या जनता का हाहाकार लिखूं 

कलम की स्याही हो गयी महंगी कागज के भी दाम बढे
मेवा किसमिस की बात न करना आलू मटर के भाव चढ़े
जेब भर रही जब पूंजीपतियों का कौन तुम्हारा ध्यान करें
सो जा चुपचाप आँख बंद कर के नेताओं से क्यूं न डरें

घोटाला लिखूं टू जी का या ऐ राजा का राज लिखूं
ललकार लिखूं जयकार लिखूं या जनता का हाहाकार लिखूं

पहले गोरी ने लूटा फिर मुगलों ने अत्याचार किया
अंग्रेजों ने आकर फिर भारत माँ की अस्मत से खिलवाड़ किया
कब तक चुपचाप रहोगे यारों अब हुँकार भरों तुम भारी
रणचंडी फिर आयेंगी जब भान करों तुम शक्ति तुम्हारी

क्रांति लिखूं जन भ्रान्ति लिखूं या निर्मल का चमत्कार लिखूं
ललकार लिखूं जयकार लिखूं या जनता का हाहाकार लिखूं

चिदानन्द "संदोह "

घनाक्षरी छंद



रेल रहे रोक जब व्याकुल हो लोग सब
तेल के ये खेल पर राजनीति भारी है 
कोऊ देत उन्हें दोष कोऊ करे भारी रोष 
भ्रष्ट हुए लोग वे जो बने सरकारी है 
थाली से गायब दाल नेता सारे मालामाल 
रोटी खाओ सूखी सब लुप्त तरकारी है 
भारत कल बंद है विपक्ष को घमंड है 
आज उसके पक्ष में सभी नर नारी है 

चिदानंद शुक्ल (संदोह )

हम तुम्हें भूल जायेंगें

तुम्हें क्या लगता है 
हम तुम्हें भूल जायेंगें 
या फिर ख्वाबों में तुम्हारे 
बन के सपना आयेंगें 
मै सपना नही 
हकीक़त हूँ 
अब छोडो उसको 
जो सपना था 
कभी नही अपना था 
जो अपना है 
उसे हो भूल बैठे
क्यों बेकार में
अपने चेहरे पर
जमा कर धूल बैठे
बना लो मुझको अपना
सारे शूल निर्मूल हो जायेंगें
तुम्हें क्या लगता है
हम तुम्हें भूल जायेंगें
**************************

अब ये सब कैसे कहें
तुम ठहरे कुएँ के मेढक
जो अब तक कुँए में ही रहें
आओ हमारे साथ
तुम्हें जीने का एक
नया अंदाज मिलेगा
दरिया की क्या बात है
सागर का तुम्हें राज मिलेगा
पर कहीं यें मत सोचना
तुम्हारी पहचान
विलुप्त हो जाएगी
कुएं से निकलते ही
तुम्हारी गहराई
कम हो जाएगी
तुम्हारे साथ कई
जन्मों का रिश्ता
तय कर जायेंगें
तुम्हें क्या लगता है
हम तुम्हें भूल जायेंगें
*********************
पर कहीं ऐसा न हो
आज हमें तेरा इंतजार है
कल तुम मेरी खबर लो
और मै खबर बन जाऊं
उस समय क्या होगा
सिर्फ एक अफ़सोस
जब हो जायेंगें सदा
के लिए हम खामोश
उस समय तुम सोचो ऐ काश
पहले ही अगर होता अहसास
बन जाती तेरा गीत
नही खोती अपना मीत
शायद यही वजह है
लिखने का यह गीत
भरोसा करो उस पर
है जो तुम्हारा मीत
संदोह साथ मिल
ये संगीत गाएंगें
तुम्हें क्या लगता है
हम तुम्हें भूल जायेंगें

चिदानंद शुक्ल (संदोह )

मैंने लिखी एक कविता


अभी आज ही मैंने लिखी 
एक कविता 
पर कुछ शब्द उसमें ऐसे थे 
जो सत्य से परे
कुछ ने तो तारीफ की 
और कहा
शुक्ल जी जैसे बहा दी हो 
ज्ञान सरिता 
पर आलोचना भी हुई
कुछ को लगा जैसे शब्दों
को मरोड़ा गया हो और
कहा क्षमा सहित कहता हूँ
शुक्ल जी ये है समझ से परे
हमें आभास हुआ
थोडा सा निराश हुआ
फिर मन से आवाज आयी
जो हुआ अच्छा हुआ
मन को एकाग्र किया
शारदे का सुमिरन किया
और फिर से लिख रहा हूँ
अपनी पराजय की कविता
अभी आज ही मैंने लिखी
एक कविता

वह अहसास जिसकी
कामना की थी
अपनी कृति में
जय की कामना करते है
तो पराजय से क्यों डरते है
हाँ मुझे असीम आनंद मिला
पराजित हुआ
जब मेरा अहंकार
जब चोट दी किसी ने
अहम पर
आघात लगा की
मै श्रेष्ठ कवि हूँ
इस वहम पर
जय का लोभ क्यों होता
हार का क्षोभ क्यों होता
मुझे ज्ञान मिला
जो भाव तुम्हारे समझ सके
उसी को कहते कविता
अभी आज ही मैंने लिखी
एक कविता

ये मुझे अटल विश्वास है
मै गलत नही था
पर शायद समझा नही सका
जो शब्द थे मेरे उनको
मीठा बना नही सका
भाव को जब समझा नही सका
मुझे लगा कि शायद
व्यर्थ ही लिखी ऐसी कविता
अभी आज ही मैंने लिखी
एक कविता

चिदानन्द शुक्ल (संदोह )

हम जय की कामना करते है

हम जय की कामना करते है 
तो पराजय से क्यों भागते है 
बिना पराजय जय कैसे मिलेगी 
परा यानि उस शक्ति की जय
जो अनन्त है निराकार है 
जिसकी हम सर्वत्र बोलते है जय
और जिसकी सत्ता निर्विरोध
हम सभी स्वीकार करते है
हम जय की कामना करते है
तो पराजय से क्यों भागते है..........

चाहता हूँ हो सदैव पराजय
जिससे जय का लोभ न रहे
और उस ईश्वर के सम्मुख
कभी कोई क्षोभ न रहे
उस निराकार सर्वशक्तिमान
जिसने सदैव अपने कंठ में
हार का वरण किया
चाहे वह पुष्प हार हो या
वैजन्ती हार या फिर रहा
हो विषधर का हार
जय उसी को प्राप्त होती है
जो हार का वरण करते है
हम जय की कामना करते है
तो पराजय से क्यों भागते है.........

यह शब्द ऐसा है जिस पर
अनेकों कवित्त लिखे गये
सभी जय की कामना लें
प्रभु को समर्पित किये गये
रस से भरा मेरा काव्य हो
ऐसी कामना मै क्यूं करूं
जब हारना भी सत्य है
तो पराजय से क्यूं डरूं
संदोह शिकस्त की शिकन
फिर क्यों मस्तक पर धरते है
हम जय की कामना करते है
तो पराजय से क्यों भागते है..........

चिदानन्द शुक्ल (संदोह )

जाने क्यों रूठे सजन हमार



सावन में साजन घर आवें जाने क्यों रूठे सजन हमार 
मोरनी नाँच रही मोर संग रिमझिम पड़े फुहार 

सजन बिना सावन है सूना का से करूं मै गुहार 
स्वाति बूँद को पपीहा तरसे पिऊ पिऊ करें पुकार
दिन तो कट जाये सखियों के संग रात न कटे हमार
बिना पिया के बिस्तर सूना अब आंखि न लगय हमार

पिया रूठि के हमसे चले गये सखि का से करी तकरार
सावन में साजन घर आवें जाने क्यों रूठे सजन हमार

घन घमंड कर गरजे जोर छावा अँधेरा है सब ओर
बिजुली चमक रही नभ भीतर जियरा में उठे हिलोर
सावन बीति गवा बिनु साजन भादों रात चढ़ी है घोर
हर रात अमावास जैसी लागे अब नहि संग चाँद चकोर

अँखियाँ तरस गयी अब सजनी चाँद निहार निहार
सावन में साजन घर आवें जाने क्यों रूठे सजन हमार

अंखियन झाई रोय रोय पड़ गयी जानेव नही पीर हमार
विरह व्यथा में घायल पंक्षी ज्यों करता करुण पुकार
घायल की गति घायल जाने का जग से करूं मनुहार
कहती मौत खड़ी द्वारे हँस अब तुम कर लेव संग हमार

संदोह पिया नही तुमरे आइहिहे अब मानो बात हमार
सावन में साजन घर आवें जाने क्यों रूठे सजन हमार

अँखिया बरसा कर सावन बीता ठिठुर ठिठुर कर अगहन
मधुमास में चलती मस्त बयरिया जल रहा हमरा मन
कहिगे थे जल्दी आवे का का निकर गये सौ योजन
आस में उनकी खुली रही अँखिया निर्जीव होइगा तन

पाती उनके नाम छोड़ के छोडि रहिन हम ई संसार
सावन में साजन घर आवें जाने क्यों रूठे सजन हमार

चिदानंद शुक्ल (संदोह )

साथ गुजरे पल का वह हिसाब मांग बैठे (ग़ज़ल )

साथ गुजरे पल का वह हिसाब मांग बैठे 
कैसे लाऊं मै वो दिल की किताब मांग बैठे 

पिलाते थे अपने चश्मों से रोज जाम जो 
वो मुझसे ही देखो आज शराब मांग बैठे 

कैसे करूं मै पूरी ये आरजू सनम की 
रेगिस्तान में वो मुझसे गुलाब मांग बैठे 

तडपते रहे दिन रात जिनकी यादों में 
वो अपने आसुंओं का हिसाब मांग बैठे

दिल के जख्मों को ले अब तक जी रहा था
आते ही आज देखों अपना ख्वाब मांग बैठे

चिदानंद शुक्ल (संदोह )

मत्गयंद सवैया




आह भरे सब देख तुझे जब चैन नही दिल को मिलता है 
मोहक रूप बनाय फिरो तुम देख तुम्हें दिल ये हिलता है 
आय गया मधुमास पिये अब यौवन भी इसमें खिलता है 
मीत करे मन प्रीत जभी तब घाव तभी दिल का सिलता है

चिदानन्द शुक्ल (संदोह ) 

जाने निंदियाँ निगोड़ी कहाँ छुप गयी


रात होने को सखी साँझ भी ढल गयी 
जाने निंदियाँ निगोड़ी कहाँ छुप गयी 
लौट आये बसेरों में परिंदे सभी 
जला चुके दीप घरों के बशिन्दें सभी 
अब बेला दियों की बुझने की आ गयी
 जाने निंदियाँ निगोड़ी कहाँ छुप गयी 

जो न मिलती ये नज़रें न इल्जाम लगता 
ये मेला मोहब्बत का हर शाम लगता 
क्यों दिल आता उनपे क्यों ख्वाब पलते 
नींद आती हमें भी जरा शाम ढलते 
हम चाँद को यूं निहारा किये रात भर 
बादलों के आगोश में चांदनी छुप गयी 
जाने निंदियाँ निगोड़ी कहाँ छुप गयी 

न भटक राह लौट के आजा तू बन्दे 
लौट आये सभी घोसलों के परिंदे 
सपने जब बुने तूने सजना के लिए 
फिर क्यों जला रखे है इस घर के दिए 
बाट जोहा किये उनकी राहों में हम 
बन बटोही गुजरेंगें संग उनके भी हम 
वो आये न सखी अब इन्तहा हो गयी 
जाने निंदियाँ निगोड़ी कहाँ छुप गयी 

चिदानन्द शुक्ल (संदोह )
जगदम्ब सहाय सदा जिनके फिर काल कराल कहाँ डर हो जब लेख ललाट लिखे विधिना तब माँगत मातु सदा वर हो हरि पालन स्रष्टि करे तबही भव मोचनि हाथ रखे सर हो सनदोह सुधाकर हो रचना जब अम्ब निवास सदा स्वर हो 

चिदानन्द शुक्ल "सनदोह"


कोऊ संगी तलाश रहा जग में कोऊ संगी से आस लगा बैठा
जब है सफर में कोई साथ नही फिर तू किसकी आस लगा बैठा

जब आये धरा पर रोते हुए सब देख प्रसन्न तुझे है हुए
जग को तू समझ सका नहि बंदे रुदन में दीप है जले हुए
जब जब है संकट आया तुझ पे तब तब ये सुखी संसार हुआ
फिर क्यों आस लगायी जग से जब साथ तेरे नहि कोई हुआ

ये जग सराय हम सभी है मुसाफिर फिर क्यों इसको घर तू समझ बैठा
जब है सफर में कोई साथ नही फिर तू किसकी आस लगा बैठा

ये मोह भरी दुर्गम नगरी यहाँ पग-पग पर छलिये बैठे है
कहीं नारी खड़ी वट ओट मिले कहीं सुत मार कुंडली बैठे है
रे प्राणी पथ से न भटकना ये माया पति श्री हरी की माया
नारद सम ध्यानी भी फँस गये जब हरि ने विश्व मोहनी रूप बनाया

कितना नादान बना बन्दे तू क्यों नश्वर को है अमर समझ बैठा
जब है सफर में कोई साथ नही फिर तू किसकी आस लगा बैठा

बचपन बीता खेल कूद कर यौवन तिरिया संग प्रीत बढाई
देख बुढ़ापा अब क्यों रोते हो पहले हरी की याद न आयी
अपना उद्देश्य कभी मत भूलो बस किरदार निभाते रहना .
संदोह मोह भ्रम उसे न होवे ज्ञान का दीप दिखाते रहना

जब समय हुआ पूरा तेरा फिर क्यों कुछ स्वास की आस लगा बैठा
जब है सफर में कोई साथ नही फिर तू किसकी आस लगा बैठा

चिदानन्द शुक्ल (संदोह )
 



मै खुद को भूल जाता हूँ


मेरे महबूब जब तुम सामने आते हो मै खुद को भूल जाता हूँ     
बहुत करता हूँ कोशिश मैं संभलने की संभलना भूल जाता हूँ 

तुम्हारे आने से फिजां में ऐसे बदलाव आते है   
जो छाई धूप होती है तो बादल घिर ही आते है  
तुम्हारे आने पर ये बगिया पतझर में भी खिल उठती 
ज्यों देख कर प्रतिबिम्ब तेरा मेरी आँखे मचल उठती 
जाने क्या जादू डाल रक्खा तूने अपनी निगाहों में 
मुरझाये फूल भी खिल उठते है तुझे देख बागों में 

तुझसे मिलकर जाने क्या सकून हासिल होता है ऐ मेरे हमनशीं
तेरे आगोश आते ही मै दुनिया के सभी रंजो गम भूल जाता हूँ 

तेरे बारे में जब भी दिल में कोई ख्याल आता है 
मेरी आँखों से बरबस ही ये सागर उमड़ जाता है 
मै रोक नही पाता इसको अंखियों से गिर आता है 
एक अदद कतरा आँसूं का सब्र मिटा मेरा जाता है 
तेरी वो मासूम सी निगाहें जिस ओर उठ जाती है 
सिरहन सी उठने लगती दिल में जब तू मुस्कुराती है .

सपनों की नगरी में जब तुम आते हो बन कर हमनशीं हमारे 
उठते है अनेकों प्रश्न इस दिल में जिनको पूछना मै भूल जाता हूँ 

गम को छिपाने के लिए तलाश एक अदद ख़ुशी कि यारों 
अभी तक चेहरे पर न आयीं हसीँ कि एक फुहार यारों 
जालिम जमाना हर गम में अपना मज़ा ढूंढ लेता है 
बताना कुछ भी न चाहों फिर भी सब कुछ जान लेता है 
संदोह डर ये भी है कि कहीं वो बदनाम न हो जाये 
मै करता हूँ उससे प्यार खबर सरे आम न हो जाये 

ये होते है कुछ ऐसे अनुउत्तरित प्रश्न यारों जिनमें झूल जाता हूँ
बहुत करता हूँ कोशिश मैं संभलने की संभलना भूल जाता हूँ 

चिदानन्द शुक्ल (संदोह )

Wednesday, May 23, 2012


मै आईना नही तेरा बीता हुआ कल हूँ
***********************************
'''''''''''''''''''''''''''''''''
*********
इतनी हैरत से न देख मुझे
मै आईना नही
तेरा बीता हुआ कल हूँ
जो तुमने जहाँ के डर से
छोड़ दिया था साथ मेरा
और कहा कि नही रहा
कभी साथ तेरा मेरा
कभी जिसको आँखों
में बसाया था तुमने
उस रोज गिरा
नज़रों का जल हूँ
********************
अब तो तू लाचार है
मै समझ सकता हूँ
तेरी बेचारगी को
तेरे माथे का सिन्दूर
ये कहता है तू भुला
चुकी मेरी दीवानगी को
तो फिर आज क्यूं एकटक
सा मुझको देखे जा रही हो
सूखे हुए दरिया में
अब क्यों भर रही जल हो
हाँ मै सिन्दूर तो न बन सका
पर तेरे माथे का बल हूँ
*********************
अब तू हटा मुझसे
नज़रे और जा उसके
संग जो तेरा दर्पण है
मेरा कल भी तुझे
समर्पित था
मेरा आज भी
तुझको अर्पण है
तू मत हैरान हो
मेरी इस दशा पर
मै तेरे प्यार का
प्रतिफल हूँ
मै आईना नही
तेरा बीता हुआ कल हूँ

चिदानंद शुक्ल "संदोह "
 

Tuesday, May 1, 2012

धानी चूनर ओढ़ सखी

धानी चूनर ओढ़ सखी तुम कहाँ चली सब छोड़ सखी 

छोड़ दिया बाबुल घर गोरी तोड़ दिए सारे बन्ध सखी


************************************
संग साथ के खेलने वाले छूट रहे है सब तुझसे सखी 


छूट रही तेरी चंचलता भी वह विचरण स्वछन्द सखी 



डोली सज रही फूलों से तेरी कहार गाय रहे राग सखी
पिया मिलन में हो के बावरी भूल रही तू खुद को सखी
.........................................................
धानी चूनर ओढ़ सखी तुम कहाँ चली सब छोड़ सखी
छोड़ दिया बाबुल घर गोरी तोड़ दिए सारे बन्ध सखी
**************************************
सिसक सिसक कर बापू रोवे बिलख बिलख कर मैय्या

ढूंढ किनारा भैय्या रोवे भौजी लिपट लिपट कर मैय्या

हुई विदा जब इस घर से तुम ले गये तुझको तेरे सैंय्या
पाँच बरष से बाट जोह रहे देखो द्वार खड़े हो तेरे भैय्या 


..........................................................
सारी सखिया तुझे बुलाती क्या रूठ गयी हमसे हो सखी
धानी चूनर ओढ़ सखी तुम कहाँ चली सब छोड़ सखी
*************************************
सूना घर आँगन हुआ तेरा चिड़ियों ने चहकना बंद किया
बगिया के सब फूल सूख गये भवरों ने बहकना बंद किया
चाँद भी लगता फीका फीका तारों ने चमकना बंद किया
पड़ रहा कुहासा भादों में अब सूरज ने दमकना बंद किया
.............................................................
यह वीरान हुआ घर तब से जबसे तुम इसे छोड़ सखी
धानी चूनर ओढ़ सखी तुम कहाँ चली सब छोड़ सखी .


चिदानंद शुक्ल (संदोह )

चेहरे की किताब पर


चेहरे की किताब पर 

चेहरे की किताब पर 
बड़ी बहस चल रही है
सही कौन है
जो चेहरों को बेनकाब
करता है
सभी सीमाओं को लाँघ कर
या जो रहता है
सामाजिक दायरे में
कहना वह भी वही चाहता है
जो बातें कल हुई थी
मुशायरें में 

*********************":
लोग कवि को जादूगर कहते है
अश्लील शब्दों को भी जो
प्रयत्नशील होकर सामाजिक बना दे
आधुनिकता और उन्मुक्तता के
नाम पर मल्लिका शेरावत को
हेमा मालिनी बना दे
वही है कवि
उसी को कहते है जहां न
पहुंचे रवि वहाँ पहुचें कवि

***************************
पर कवि जो
समाज का दर्पण है
वही करता है
आज अपनी बात कहने को
यदि अश्लील शब्दों का प्रयोग
तो उसमें और राखी सावंत
में अंतर क्या है
वह जिस्म को अहिस्ता अहिस्ता
करती है नग्न
और वह कवि अपनी रूह को
अहिस्ता अहिस्ता
करता है नग्न 

**************************
और दोनों को हम
बड़े चाव से देखते और पढ़ते है
पर बोलने के समय अश्लीलता
का ढोंग रचते है
यह दोहरा चरित्र आखिर क्यों
हम दोष उनको देते है
यद्यपि दोषी हम स्वयं होते है
मानसिकता हमारी गंदी है
बाहर हम
पाश्चत्य सभ्यता का
विरोध करते है
घर में हम उसी का
प्रयोग करते है 


*************************
तो हम ऐसी रचनाओ पर
क्यों विचार करते है
जो हमें अश्लील दिखती है
हम उस फिल्म को क्यों
देखते है जो सवांद हीन है
आज जिन्दगी हम सही
वह गलत इसी में कट रही है
चेहरे की किताब पर
बड़ी बहस चल रही है ...............

चिदानंद शुक्ल (संदोह )

Monday, March 19, 2012


वीणा पाणी ध्यान धरू विनती ये मातु करूं 
रसना पे मेरी मातु आज आ विराजिये 
काज होवे पूर्ण सब दूर होवे दुःख अब 
छंद का प्रबंध अम्बे मेरे कर दीजिये 
तेरी ही दया से अम्ब ज्ञानी भरते है दंभ
ममता की छांव मातु बालक पे कीजिये 
लेखनी सशक्त बने क्रांति कारी काव्य लिखूं 
होऊ मै निशंक तब अंक मातु लीजिये 

चिदानंद शुक्ल (संदोह ) 

सिंहावलोकन सवैया छन्द रसना

रखना रसना रसधार भरी जगदम्ब दया इतनी करना 
करना सब पूर्ण मनोरथ भी पर दंभ सदा मन से हरना 
हरना रिपु का बल हे जननी धन के सब श्रोत सदा भरना 
भरना दिल में करुणा इतनी कटु बात नही रसना रखना 



चिदानंद शुक्ल (संदोह ) 

सवैया छन्द


हम भूल गये निज धर्म सभी सब पाप परायण में रत है 
अब पंडित वेद भुलाय दिए सबके अपने अपने मत है 
निज ज्ञान भुलाकर के अब ये अपने मिलि गाल बजावत है 
कलि क़ी महिमा धरि ध्यान सुनो अब सूतहि ब्रम्ह बतावत है 


चिदानंद शुक्ल (संदोह ) 

सवैया छन्द (होली के उपलक्ष्य में )


सब अंग गये जब भीग सखे अब रंग हमें जनि रंगत हो 
करते सब देख हसी हमरी तुम भंग चढ़ाकर झूमत हो 
जग की तुमको परवाह नही अब क्यों हमरी नहि मानत हो 
सरके चुनरी तन से हमरे तुम क्यों हुडदंग मचावत हो

सवैया छन्द

जबसे हिय श्याम बसे हमरे सब दोष हरे हमरे जिय के 
हम ग्वारन गोकुल गाँव रही अब ब्रम्हन पूजत है हमके 
जिनका मुनि भोग लगाय सखी तब मेटे क्षुधा अपने हिय के
विधना पछताय रहे अब तो हम क्यों न ग्वाल बने गोकुल के  


चिदानंद शुक्ल (संदोह )